वेस्ट के 13 शहर में आंधी-बारिश का अलर्ट:31 जिलों में पारा 40°C के पार, हीटवेव से तपेगा ईस्ट; 2 दिन बाद यूपी पर बिपरजॉय का असर

0
118

चक्रवात बिपरजॉय के चलते मौसमी बदलाव का असर यूपी पर भी नजर आ रहा है। एक तरफ जहां पश्चिम यूपी के 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। वहीं, पूर्वी यूपी के 8 शहरों में हीटवेव का अनुमान है। प्रदेश में गुरुवार को प्रयागराज सबसे ज्यादा गर्म शहर रहा। यहां 44.5°C पारा रिकॉर्ड किया गया। वहीं, बिजनौर की नजीबाबाद की रात सबसे ठंडी 24°C दर्ज की गई।

कानपुर की CSA यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, बिपरजॉय का असर दो दिन बाद यूपी में दिख सकता है। इसकी वजह से तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। 18 और 19 जून के बीच इसकी संभावना है। बिपरजॉय की वजह से करीब 1 हफ्ता मानसून लेट हो गया है। जुलाई के पहले हफ्ते में मानसून यूपी में दस्तक दे सकता है।

शुक्रवार को भी यूपी के ज्यादातर शहरों में तेज हवाएं चलेंगी। इससे पहले गुरुवार को 13 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं रिकॉर्ड की गई। गुरुवार को आगरा, बहराइच, चंदौली, अयोध्या, गाजीपुर, हमीरपुर, मथुरा-वृंदावन समेत 31 जिलों का तापमान 40 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया।

राहत की बात यह है कि 2 दिन बाद कुछ शहरों में प्री-मानसून बारिश हो सकती है। उधर, शुक्रवार सुबह तक बिपरजॉय कच्छ से गुजरकर राजस्थान की तरफ बढ़ा है। मौसम वैज्ञानिकों को अनुमान है कि बिपरजॉय का सीधे तो यूपी पर कोई असर नहीं होगा। लेकिन, राजस्थान, हरियाणा से सटे जिलों में हल्का असर हो सकता है।

18 जून से प्री-मानसून बारिश के आसार
कानपुर की CSA यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, यूपी में 18 जून से प्री-मानसून बारिश शुरू हो सकती है। हालांकि, कानपुर मंडल में प्री-मानसून का इफेक्ट 20 से 21 जून तक आएगा। यहां अगले 5 दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। मगर, गर्म हवाओं के थपेड़े और उमस लोगों को परेशान करेगी।

दरअसल, दक्षिणी-पश्चिमी हवाएं अपने साथ नमी लेकर आ रही हैं। यही नम हवाएं यूपी में प्री-मानसून बारिश कराएंगी। उधर, बिपरजॉय के असर से रविवार तक मानसून फिलहाल वहीं अटका रहेगा, जहां तक 11-12 जून को पहुंच चुका था।

यूपी के 6 शहर, जहां पारा सबसे ज्यादा रिकॉर्ड किया गया..

जिला अधिकतम न्यूनतम
आगरा 43.2°C 30.8°C
झांसी 43.5°C 30.9°C
कानपुर 43.2°C 33.8°C
लखनऊ 40.6°C 30.3°C
प्रयागराज 43.4°C 32.4°C
वाराणसी 43.6°C 31.0°C

इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, संभल, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, बुलंदशहर, जालौन, झांसी और ललितपुर में आंधी के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं।

इन जिलों में हीटवेव का अलर्ट
अयोध्या, बस्ती, अंबेडकर नगर, गोरखपुर, देवरिया, मऊ, संतकबीर नगर और बलिया में हीटवेव चलती रहेगी। यानी, यहां पारा 40 से 45 डिग्री के बीच रहेगा। हालांकि, पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में बूंदाबांदी के आसार भी हैं। लेकिन यह, पूरी तरह मौसम के लोकल चेंज पर निर्भर करेगा।

वाराणसी में धूप की तपिश सता रही
वाराणसी में दिन चढ़ने के साथ सूर्य की तपिश लोगों को झुलसा रही है। 15 जून को वाराणसी में न्यूनतम तापमान 32°C, अधिकतम तापमान 42°C दर्ज हुआ। शुक्रवार को IMD के अनुसार अधिकतम तापमान 42°C और न्यूनतम 29°C रहने का पूर्वानुमान दिया गया है। मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वाराणसी में मानसून 20 जून तक दस्तक दे देता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here