बुंदेलों को साधने के लिए अखिलेश आज बांदा और महोबा में घुमाएंगे विजय रथयात्रा

0
156

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा के बाद अब सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को बुंदेलखंड में वीरभूमि महोबा और बांदा से बुंदेलों को साधने आ रहे हैं। सुबह बांदा से विजय रथयात्रा लेकर वह महोबा पुलिस लाइन के पास मैदान में पहुंचेंगे, जहां जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह जिले में रात्रि विश्राम भी करेंगे।

महोबा में जिस मैदान पर अखिलेश जनसभा करने जा रहे हैं, उसी मैदान पर 19 नवंबर को प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित किया था। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बुधवार सुबह 10:45 बजे हेलीकाप्टर से बांदा पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद 11:15 बजे विजय रथ लेकर जीआइसी मैदान पहुंचेंगे। यहां पर जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे जनसंपर्क करते हुए महोबा के लिए निकलेंगे। अपराह्न दो बजे महोबा पहुंचकर जनसभा करेंगे।

जिलाध्यक्ष प्रान सिंह यादव ने बताया कि पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को आयोजन को लेकर जिम्मेदारी सौंपी गई है। आसपास जिलों से भी हजारों की संख्या में लोग आएंगे। मंगलवार को जनसभा स्थल पर मंच को अंतिम रूप दिया गया। वाहनों की पार्किंग के लिए स्थल से दूर हाईवे किनारे इंतजाम किए गए हैं। जनसभा में हमीरपुर, झांसी, फतेहपुर, कानपुर देहात, नगर व उन्नाव आदि जिलों से भी समर्थकों-कार्यकर्ताओं को लाने के लिए वाहनों का इंतजाम किया गया है। जिले में विधान परिषद सदस्य सुनील सिंह साजन व विधान परिषद सदस्य आनंद भदौरिया, कोआपरेटिव बैंक अध्यक्ष के पूर्व अध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव, वरिष्ठ नेता मनोज तिवारी तैयारियों को लेकर जुटे रहे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि अखिलेश महोबा में ही रात्रि विश्राम करेंगे। दूसरे दिन दो दिसंबर को सुबह करीब 11 बजे हेलीकाप्टर से ललितपुर जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here