कानपुर में तापमान 2 डिग्री:ठंड ने तोड़ा 22 सालों का रिकॉर्ड, हार्ट अटैक से 7 ने तोड़ा दम

0
80

चार दिन की राहत के बाद यूपी में शीतलहर ने फिर सितम बरसाना शुरू कर दिया है। कानपुर में न्यूनतम तापमान 22 साल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए 2.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। 24 घंटे के भीतर पारे में 6.8 डिग्री की कमी दर्ज की गई। बर्फीली हवाओं ने कंपकंपी छुड़ा दी है। इसी के साथ कानपुर सूबे में सबसे ठंडा दर्ज किया गया।

15 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से सर्द हवाएं
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक 12 जनवरी को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस था, इसके बाद लगातार आठ डिग्री से ज्यादा रहा। लेकिन सोमवार तड़के यह तेजी से धड़ाम हो गया। यह सामान्य से 4.8 डिग्री कम है। रात में सर्द हवाओं की गति 15 किमी प्रति घंटा से अधिक पहुंच गई। वहीं सोमवार-मंगलवार की रात में पारा रिकॉर्ड तोड़ते हुए 2 डिग्री तक पहुंच गया।

धूप हो रही बेअसर
मंगलवार की सुबह भी धूप के साथ हुई, लेकिन ठंड के चलते धूप पूरी तरह बेअसर साबित हो रही है। सुबह का तापमान भी 4 डिग्री दर्ज किया गया। सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि 19 तक ठंड का असर जारी रहेगा। वहीं 23 से 25 के बीच बारिश के आसार बन रहे हैं।

सर्दी बनी काल, हार्ट अटैक से 7 और मरे
कानपुर में बीते 24 घंटे में हार्ट अटैक से सात और मरीजों ने दम तोड़ दिया। 37 गंभीर को इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। उधर, हैलट इमरजेंसी में ब्रेन स्ट्रोक के 22 मरीजों को भर्ती कराया गया है। कार्डियोलॉजी में सुबह से मरीजों का तांता लगा रहा।

ओपीडी में मरीजों का आंकड़ा एक हजार पार कर चुका है। हैलट इमरजेंसी में प्रो. जेएस कुशवाहा के अंडर में 44 मरीजों को भर्ती कराया गया है। इसमें आधे से ज्यादा मरीज सिर्फ ब्रेन स्ट्रोक के हैं। डॉ. कुशवाहा की ओपीडी में ही 300 से ज्यादा मरीज आए हैं।

22 सालों का टूटा रिकॉर्ड

इससे पहले 16 जनवरी 2001 को न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस रहा था। 22 वर्षों के बाद इस दिन इतना कम तापमान रहा है। इन तिथियों में विगत वर्ष गर्म रहे हैं। 2011 में 7.8, 2012 में 9, 2013 में 11.4, 2014 में 7.2, 2015 में 9.5, 2016 में 8.8, 2017 में 5.0, 2018 में 6.6,2019 में 4.4, 2020 में 14.4, 2021 में 4.6 व वर्ष 2022 में 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here